अमेरिका के पूर्वोत्तर में भारी बर्फबारी, 9,000 से अधिक उड़ानें प्रभावित, न्यूयॉर्क–न्यू जर्सी में आपातकाल
Share your love

संवाद 24 डेस्क। अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से में भारी बर्फबारी और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खराब मौसम की वजह से हजारों घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ीं या देरी से संचालित की गईं। हालात को देखते हुए न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आपातकाल घोषित किया गया है।
शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार बर्फबारी शुरू हुई, जिसका सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा। छुट्टियों के मौसम के चलते पहले से ही हवाई अड्डों पर भीड़ अधिक थी, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई। अधिकारियों ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सड़कों से दूर रहने की अपील की है।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि राज्य में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तूफान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। न्यू जर्सी प्रशासन ने भी आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा है।
छह से 10 इंच तक बर्फबारी
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, सेंट्रल न्यूयॉर्क के सिरैक्यूज से लेकर लॉन्ग आइलैंड और कनेक्टिकट तक कई इलाकों में छह से 10 इंच (15 से 25 सेंटीमीटर) तक बर्फ दर्ज की गई। न्यूयॉर्क सिटी में रात भर में दो से चार इंच बर्फ गिरी, जबकि सेंट्रल पार्क में 4.3 इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई, जो वर्ष 2022 के बाद सबसे अधिक बताई जा रही है।
हवाई यातायात पर बड़ा असर
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के अनुसार, शनिवार शाम तक 9,000 से अधिक घरेलू उड़ानें रद्द या विलंबित रहीं। सबसे अधिक असर न्यूयॉर्क क्षेत्र के प्रमुख हवाई अड्डों पर पड़ा, जिनमें जॉन एफ. केनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लागार्डिया एयरपोर्ट और नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।
इसके अलावा पेन्सिलवेनिया और मैसाचुसेट्स के कई हिस्सों में भी बर्फबारी की चेतावनी और शीतकालीन मौसम परामर्श जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ बर्फबारी की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, लेकिन ठंड और फिसलन बनी रह सकती है।






