अमेरिका: ब्राउन यूनिवर्सिटी में फाइनल एग्जाम के दौरान गोलीबारी, 2 की मौत, 8 घायल
Share your love

संवाद 24, अमेरिका की प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फाइनल एग्जाम के दौरान अचानक गोलीबारी की घटना हुई। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रोविडेंस के मेयर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग और फिजिक्स विभाग की इमारत में हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा दे रहे थे। गोलीबारी की सूचना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 4 बजे पुलिस को मिली।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके को घेरते हुए शेल्टर-इन-प्लेस ऑर्डर जारी किया, जिसके तहत छात्रों और स्थानीय लोगों को घरों के भीतर रहने और दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई।
शुरुआत में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई थी, हालांकि बाद में स्पष्ट किया गया कि उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है और वह निर्दोष है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ एफबीआई की टीम भी जांच और सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। पूरे कैंपस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी गई है और वे पीड़ितों तथा उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी स्थिति पर नजर रखने और एफबीआई की हरसंभव मदद की पेशकश की है।
गौरतलब है कि ब्राउन यूनिवर्सिटी एक निजी विश्वविद्यालय है, जहां लगभग 7,300 स्नातक और 3,000 से अधिक स्नातकोत्तर छात्र अध्ययनरत हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
Samvad24 इस मामले से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पर नजर बनाए हुए है।






