G-20 शिखर सम्मेलन में जोहान्सबर्ग में भारतीय मूल के उद्यमियों और ऑस्ट्रलियाई प्रधानमंत्री से मिले PM मोदी
Share your love

जोहान्सबर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के तकनीकी उद्यमियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने उनसे भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। मोदी ने बताया कि उनकी बातचीत फिनटेक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, कृषि, शिक्षा, हेल्थकेयर और मेडिकल उपकरण जैसे क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों पर केंद्रित रही। प्रधानमंत्री ने आग्रह किया कि भारतीय उद्यमी भारत के साथ तकनीकी और कौशल आधारित सहभागिता बढ़ाएं।

उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में सक्रिय भारतीय समुदाय को संस्कृति, योग और आयुर्वेद जैसी भारतीय प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। PM मोदी ने कहा कि समुदाय के सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा किए और भारत की प्रगति की सराहना की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री ने युवाओं को महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की विरासत से जोड़ने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोहान्सबर्ग में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। बैठक जी-20 सम्मेलन में मोदी के शामिल होने के कुछ घंटे बाद हुई।
रणधीर जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने पर संतोष जताया। साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। अल्बानीज ने हाल ही में दिल्ली में हुए आतंकी हमले और सऊदी अरब में बस हादसे पर संवेदना व्यक्त की, जिनमें कई भारतीय नागरिकों की जान गई थी।






