दो दिन बाद मां की गोद में आया ‘काजू’, भारती सिंह ने व्लॉग में दिखाई दूसरे बेटे की पहली झलक
Share your love

संवाद 24 मुंबई। मशहूर कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह एक बार फिर मातृत्व की खुशियों से सराबोर हैं। भारती ने दूसरे बेटे को जन्म दिया है। जन्म के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखे गए नवजात से दो दिन बाद मुलाकात हुई, जब भारती ने पहली बार बेटे को गोद में लिया। इस भावुक पल की झलक उन्होंने अपने नए यूट्यूब व्लॉग में साझा की है।
व्लॉग में भारती ने बेटे को प्यार से ‘काजू’ कहकर पुकारा। हालांकि, अभी उन्होंने बच्चे का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है। बेटे को बाहों में लेते ही भारती भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वीडियो में उन्होंने कहा कि आखिरकार उनका काजू उनके हाथों में आ गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।
बताया गया कि डिलीवरी के तुरंत बाद बच्चे को मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया था, जिस वजह से भारती उससे मिल नहीं पाई थीं। डॉक्टरों की अनुमति के बाद दो दिन बाद मां-बेटे की यह पहली मुलाकात संभव हो सकी।
इससे पहले कुछ खबरों में दावा किया गया था कि सेलिब्रिटी कुकिंग रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स सीजन 3 की शूटिंग के दौरान भारती का वॉटर ब्रेक हुआ था। हालांकि, बाद में खुद भारती ने स्पष्ट किया कि यह घटना मुंबई स्थित उनके घर पर हुई थी। डॉक्टर की सलाह के बाद वह पति हर्ष लिम्बाचिया, परिवार के अन्य सदस्यों और बेटे लक्ष्य के साथ ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचीं, जहां सुरक्षित डिलीवरी हुई।
गौरतलब है कि भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया ने 3 दिसंबर 2017 को गोवा में शादी की थी। 3 अप्रैल 2022 को उनके पहले बेटे लक्ष्य का जन्म हुआ था, जिसे वे प्यार से ‘गोला’ कहते हैं। अब तीन साल बाद उनके घर दूसरी बार किलकारी गूंजी है, जिससे परिवार और प्रशंसकों में खुशी का माहौल है।






