भारत में जल्द शुरू होगा सेमीकंडक्टर उत्पादन, आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम

Share your love

नई दिल्ली, संवाद 24।
भारत अगले दो से तीन माह में सेमीकंडक्टर चिप के उत्पादन की दिशा में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश के तीन प्लांटों में सेमीकंडक्टर निर्माण का पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है और जल्द ही वाणिज्यिक उत्पादन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आर्थिक सुरक्षा और रणनीतिक आत्मनिर्भरता के लिए देश में सेमीकंडक्टर उत्पादन आवश्यक है। मोबाइल फोन से लेकर रक्षा उपकरणों, ऑटोमोबाइल और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में इसका व्यापक उपयोग होता है।

सरकार ने इसके लिए 76,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव रखा है। वहीं इन परियोजनाओं से 1.6 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई जा रही है।

अब तक छह राज्यों में सेमीकंडक्टर उत्पादन से जुड़े दस प्लांटों को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें गुजरात, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक प्रमुख हैं।

वैष्णव ने कहा कि देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सेमीकंडक्टर उत्पादन का घरेलू ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिससे भारत वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News