पाले की मार से बढ़ी ठिठुरन, फर्रुखाबाद में सर्दी का सितम जारी
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। जनपद में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं पाला गिरने से गलन और ठिठुरन में और इजाफा हो गया। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे शीतलहर का असर साफ तौर पर महसूस किया गया।
रविवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला, जो दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे छंट गया। सुबह करीब आठ बजे तक दृश्यता घटकर लगभग 80 मीटर रह गई थी। मौसम साफ होने के बावजूद पाले के कारण ठंड की मार बनी रही और लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचाव करते नजर आए।
इससे पहले शनिवार को सुबह कुछ देर धूप निकलने से राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन जल्द ही बादल छा गए और ठंडी हवाओं ने सर्दी और बढ़ा दी। शाम तक पूरे क्षेत्र में गलन भरी ठंड बनी रही। स्थानीय निवासी रामसेवक ने बताया कि इस बार सर्दी कुछ ज्यादा ही पड़ रही है और पाला गिरने से हालात और खराब हो गए हैं।
पाले और ठंड का असर किसानों के लिए भी चिंता का कारण बन रहा है। किसान अनुज शाक्य ने बताया कि पाला गेहूं और सरसों की फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। वहीं आलू की फसल में झुलसा रोग का खतरा बढ़ गया है, जिससे किसान परेशान हैं। हालांकि, किसान फसलों को बचाने के लिए दवाओं का छिड़काव कर रहे हैं।
दिसंबर के पहले सप्ताह से ही फर्रुखाबाद में सर्दी का असर तेज हो गया था। कभी घना कोहरा तो कभी पाले की मार से जनजीवन प्रभावित रहा है। कई दिनों तक सूर्यदेव के दर्शन भी मुश्किल रहे, हालांकि रविवार को मौसम साफ होने से लोगों को धूप निकलने की उम्मीद जगी है। रविवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 29 प्रतिशत दर्ज की गई।






