आम्रपाली समूह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 99 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क
Share your love

संवाद 24 नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल एस्टेट कंपनी आम्रपाली समूह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 99.26 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। कुर्क की गई संपत्तियां कोलकाता, फरीदाबाद और मुंबई में स्थित हैं। इससे पहले भी ईडी आम्रपाली समूह की करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कर चुका है।
ईडी के अनुसार, जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उनमें मेसर्स मौर्या उद्योग लिमिटेड का कार्यालय, फैक्ट्री की भूमि और एक भवन शामिल है। यह कंपनी सुरेका समूह से जुड़ी बताई जा रही है, जिसके प्रमोटर नवनीत सुरेका और अखिल सुरेका हैं। इन संपत्तियों का बाजार मूल्य 30 दिसंबर 2016 तक लगभग 99.26 करोड़ रुपये आंका गया था, जबकि वर्तमान में इनकी कीमत इससे कहीं अधिक होने की संभावना है।
जांच में सामने आया है कि आम्रपाली समूह के निदेशक अनिल कुमार शर्मा, शिव प्रिया, अजय कुमार समेत अन्य आरोपियों ने मौर्या उद्योग लिमिटेड और मेसर्स जोतिंद्र स्टील एंड ट्यूब्स लिमिटेड के निदेशकों नवनीत सुरेका और अखिल सुरेका के साथ मिलीभगत कर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। टीएमटी बार और निर्माण सामग्री की खरीद के नाम पर फर्जी कंपनियों के जरिए रकम डायवर्ट की गई। इसी प्रक्रिया के तहत करीब 110.39 करोड़ रुपये मौर्या उद्योग लिमिटेड को ट्रांसफर किए गए थे।
ईडी की जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि आम्रपाली समूह ने हजारों ग्राहकों से फ्लैट और जमीन देने के नाम पर भारी धनराशि वसूली, लेकिन तय समय पर परियोजनाएं पूरी नहीं कीं। आरोप है कि समूह ने ग्राहकों की रकम का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की। इस मामले में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।






