माघ मेले से पहले जूना अखाड़ा की नगर प्रवेश यात्रा, फर्रुखाबाद पहुंचा साधु-संतों का भव्य काफिला

संवाद 24 फर्रुखाबाद। पांचाल घाट स्थित गंगा तट पर माघ मेला श्री राम नगरिया की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कादरीगेट थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक मेला 3 जनवरी 2026, शनिवार से विधिवत आरंभ होगा और 3 फरवरी 2026 तक पूरे एक माह चलेगा। मेले से पहले ही साधु-संतों का आगमन शुरू हो गया है, जिससे मेला क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बन गया है।

इसी क्रम में श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा द्वारा नगर प्रवेश यात्रा की शुरुआत की गई। संत समिति के अध्यक्ष सत्यगिरी महाराज के नेतृत्व में यह यात्रा मेला श्री राम नगरिया क्षेत्र की छठी सीढ़ी पर स्थित जूना अखाड़ा से प्रारंभ हुई। नगर प्रवेश यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना और सनातन परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं को माघ मेले में सहभागिता के लिए प्रेरित करना बताया गया।

नगर प्रवेश यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हुए। उनके साथ नगरवासियों और वाहनों का लंबा काफिला भी नजर आया। यात्रा के दौरान धार्मिक जयघोष और अखाड़े की परंपरागत छवि देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत शिव सिटी सहित भारी पुलिस बल यात्रा के साथ तैनात रहा।

यात्रा मेला श्री राम नगरिया क्षेत्र से निकलकर इटावा-बरेली हाईवे पर बने गंगा पुल को पार करते हुए फर्रुखाबाद शहर की ओर बढ़ी। साधु-संतों के इस भव्य काफिले के नगर प्रवेश से पूरे क्षेत्र में माघ मेले को लेकर उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बन गया है। प्रशासन भी मेले की विधिवत शुरुआत से पहले अंतिम तैयारियों को पूरा करने में जुटा हुआ है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News