पत्नी की दूसरी शादी न रुक सकी, पुलिस के साथ मैरिज होम पहुंचा युवक तब तक हो चुकी थी विदाई

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा के मंटोला क्षेत्र में एक युवक की फरियाद समय के साथ दौड़ती रही, लेकिन उसकी पत्नी की दूसरी शादी को रोकने के लिए उठाए गए कदम नाकाफी साबित हुए। शुक्रवार रात पुलिस के साथ मैरिज होम पहुंचने तक रस्में पूरी हो चुकी थीं और विदाई भी हो गई थी। इस घटनाक्रम के बाद युवक गहरे अवसाद में चला गया और उसका मोबाइल फोन बंद है।

मंटोला मैदान निवासी काशिफ खान का कहना है कि उन्होंने अप्रैल 2024 में क्षेत्र की ही एक युवती से निकाह किया था। दोनों का विवाह विधिवत संपन्न हुआ और उसका पंजीकरण भी कराया गया। इसके बावजूद पत्नी के परिजन उसे जबरन मायके में रखे हुए थे। युवक का आरोप है कि परिवार वालों ने झूठे तलाक का हवाला देकर उसकी पत्नी का दूसरा निकाह तय कर दिया।

काशिफ ने बताया कि इस मामले में उन्होंने 24 दिसंबर को हाईकोर्ट से शादी को वैध मानते हुए यथास्थिति बनाए रखने का आदेश (स्टे) भी प्राप्त किया था। इसके बाद भी फतेहाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में 26 दिसंबर को शादी से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जब युवक को इसकी जानकारी मिली तो उसने मंटोला पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो पोस्ट कर न्याय की अपील की। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल किया और पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर भी संपर्क साधा, लेकिन तत्काल राहत नहीं मिल सकी। देर रात पीआरवी युवक को ताजगंज थाना क्षेत्र की बसई चौकी लेकर पहुंची।

कुछ समय बाद पुलिस युवक के साथ मैरिज होम पहुंची, लेकिन तब तक कार्यक्रम समाप्त हो चुका था। पुलिस के अनुसार, मौके पर पता चला कि निकाह 24 दिसंबर को हो चुका था और शुक्रवार को केवल रुखसती की रस्म थी, जो पुलिस के पहुंचने से पहले ही पूरी हो गई थी।

इस संबंध में ताजगंज थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने देर रात शिकायत की थी, लेकिन उसके पास किसी भी दस्तावेज की मूल या छायाप्रति मौजूद नहीं थी। केवल मोबाइल में फोटो दिखाए गए थे। इसके बावजूद पुलिस मौके पर गई और तथ्यों की जांच की गई। युवक को अगले दिन लिखित शिकायत और वैध दस्तावेजों के साथ थाने आने के लिए कहा गया है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News