फर्रुखाबाद में फसल बीमा योजना में बड़ा घोटाला, 68 लाख की अनियमितता उजागर, बैंक मैनेजर और बीमा कंपनी कर्मियों पर FIR

संवाद 24 संवाददाता। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फर्रुखाबाद जिले में लगभग 68 लाख रुपये की गंभीर अनियमितता सामने आई है। जांच में पाया गया कि ऐसे किसानों के खातों में भी भारी-भरकम बीमा क्लेम का भुगतान कर दिया गया, जिनके पास खेती योग्य भूमि ही नहीं थी। मामले में बैंक और बीमा कंपनी की मिलीभगत के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा की तहरीर पर जहानगंज और अमृतपुर थानों में कुल 9 बैंक शाखा प्रबंधकों, बीमा कंपनी के 3 कर्मचारियों और 32 अज्ञात किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

232 किसानों को हुआ था 2.28 करोड़ का भुगतान

रबी सीजन 2024 के दौरान एक बीमा कंपनी ने जिले में 8,849 किसानों की फसलों का बीमा किया था। फसल क्षति के बाद 232 किसानों को करीब 2.28 करोड़ रुपये का क्लेम भुगतान किया गया। शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर एक लाख रुपये से अधिक भुगतान पाने वाले किसानों की जांच के लिए समिति गठित की गई।

जांच में सामने आई गंभीर गड़बड़ियां

नायब तहसीलदार, कानूनगो और एडीओ कृषि की संयुक्त जांच में यह पुष्टि हुई कि कई लाभार्थियों के पास मौके पर कोई खेत मौजूद नहीं था, इसके बावजूद उन्हें बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया। जांच रिपोर्ट में 68.03 लाख रुपये का भुगतान योजना के नियमों के विपरीत पाया गया।

जहानगंज और अमृतपुर में अलग-अलग मुकदमे

जहानगंज थाना क्षेत्र में ग्राम बंथलशाहपुर के 11 किसानों, बीमा कंपनी के शाखा प्रबंधक व कर्मचारियों, तथा संबंधित बैंक शाखाओं के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं अमृतपुर थाना क्षेत्र में भी विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधकों, बीमा कंपनी के कर्मचारियों और 21 अज्ञात किसानों को नामजद किया गया है।

15 में से 14 किसानों के पास नहीं थी जमीन

अमृतपुर तहसील के बलीपट्टी रानी गांव में जांच के दौरान सामने आया कि बीमा क्लेम पाने वाले 15 किसानों में से 14 के पास कोई कृषि भूमि नहीं थी। इन किसानों को लगभग 24.89 लाख रुपये का भुगतान किया गया। एक किसान के पास मात्र 0.026 हेक्टेयर भूमि होने के बावजूद उसे निर्धारित राशि से कई गुना अधिक भुगतान मिला।

उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News