
संवाद 24 संवाददाता। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार रात जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया। डीएम ने मंडी समिति सातनपुर, फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर निराश्रित और असहाय लोगों को कंबल उपलब्ध कराए।
जिले में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से ठंड का असर बढ़ गया है। इसी के मद्देनजर प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों में नियमित निगरानी रखी जाए।

डीएम ने कहा कि अत्यधिक ठंड और घने कोहरे के चलते किसी भी गरीब या बेसहारा व्यक्ति को खुले में सोने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण के साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करेगा, ताकि जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।






