जापान में भीषण सड़क हादसा, 50 से अधिक वाहन आपस में टकराए, बर्फीले मौसम और कम द्रश्यता बनी वजह, एक महिला की मौत, 26 घायल
Share your love

संवाद 24 टोक्यो। जापान में शुक्रवार देर रात बर्फीले मौसम के चलते एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। गुन्मा प्रांत के मिनाकामी क्षेत्र में स्थित कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर कोहरे और फिसलन भरी सड़क के कारण 50 से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में 77 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, खराब दृश्यता के कारण सबसे पहले दो ट्रकों की टक्कर हुई, जिससे एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। पीछे से आ रहे वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और देखते ही देखते कई गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। दुर्घटना के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए एक दर्जन से अधिक गाड़ियों तक पहुंच गई। कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

घटना के समय नए साल की छुट्टियों के चलते सड़क पर यातायात सामान्य से अधिक था। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ मलबा हटाने और सड़क की सफाई का कार्य जारी है।
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है।






