गंगा बैराज कांड: नशे की धुत युवकों की गुंडागर्दी, पुलिस कर्मियों को कुचल कर फरार हुए आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गंगा बैराज पर हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। 23 दिसंबर 2025 की शाम को वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो सब-इंस्पेक्टर और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी कार सवार युवक मौके से फरार हो गए, लेकिन कानपुर पुलिस की मुस्तैदी से महज 72 घंटे के अंदर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटनाक्रम – कोहना थाना क्षेत्र के गंगा बैराज पर मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री के सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार, पूरन सिंह और होमगार्ड हरकिशन ड्यूटी पर तैनात थे। तभी एक काले रंग की हुंडई औरा कार तेज रफ्तार में आई। पुलिसकर्मियों ने इसे रुकने का इशारा किया, तो पहले कार की स्पीड धीमी हुई, लेकिन जैसे ही जवान नजदीक पहुंचे, चालक ने अचानक एक्सीलेटर दबा दिया। कार ने बैरियर तोड़ते हुए सीधे पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक सब-इंस्पेक्टर कई फीट दूर जा गिरे और दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायलों को तुरंत हैलेट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गई, जिसमें कार की बेखौफ गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आशुतोष कुमार ने तुरंत टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
खुलासा कैसे हुआ?
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। फुटेज में आरोपी युवक घटना से पहले शराब खरीदते नजर आए। इसके अलावा मुखबिरों की सूचना और वाहन की ट्रेसिंग से पुलिस आरोपी तक पहुंची। घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई औरा कार भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के समय कार सवार सभी युवक नशे में धुत थे। नशे के कारण उन्होंने बैरियर और चेकिंग की परवाह नहीं की और पुलिसकर्मियों को कुचलकर बिठूर की ओर फरार हो गए।
दो बीटेक छात्र समेत पांच गिरफ्तार
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो युवक एक यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र बताए जा रहे हैं। आरोपी नशे की हालत में गाड़ी चला रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कार भी जब्त कर ली गई है।






