कनाडा में भारतीय छात्र की दिनदहाड़े हत्या : टोरंटो यूनिवर्सिटी कैंपस के पास शिवांक अवस्थी को मारी गई गोली
Share your love

संवाद 24 डेस्क। कनाडा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टोरंटो में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र Shivank Awasthi की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात University of Toronto Scarborough के पास दिनदहाड़े हुई, जिससे भारतीय समुदाय और विश्वविद्यालय के छात्रों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।
कैंपस के पास मारी गई गोली
टोरंटो पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को हाइलैंड क्रीक ट्रेल, ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी की मौत हो चुकी थी। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
भारतीय दूतावास ने जताया शोक
कनाडा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
छात्रों में डर और नाराजगी
शिवांक की हत्या से University of Toronto के स्कारबोरो कैंपस में पढ़ने वाले छात्रों के बीच डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। छात्रों का कहना है कि कैंपस और उसके आसपास की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर छात्रों ने चिंता जताई है कि अब वे खुद को परिसर में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।
कौन थे शिवांक अवस्थी
छात्रों के अनुसार, शिवांक अवस्थी लाइफ साइंसेज के तीसरे वर्ष के छात्र थे और पढ़ाई के साथ-साथ कैंपस गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। वह यूनिवर्सिटी की चीयरलीडिंग टीम के सदस्य थे। टीम ने एक भावुक संदेश में कहा कि शिवांक अपनी सकारात्मक ऊर्जा, प्रोत्साहन और सहयोग से सभी का हौसला बढ़ाते थे और उनकी अचानक मौत से पूरी टीम सदमे में है।
जांच जारी
टोरंटो पुलिस ने बताया है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह आगे आए।
यह घटना कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है।






