फैजबाग राजकीय पशु चिकित्सालय में सेंधमारी: मेडिसिन व स्टाफ रूम के ताले टूटे, शमशाबाद पुलिस जांच में जुटी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के राजकीय पशु चिकित्सालय, फैजबाग में अज्ञात चोरों ने गुरुवार तड़के चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने स्टाफ रूम और मेडिसिन रूम के ताले तोड़ दिए और मेडिसिन कक्ष में तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय पश्चिम दिशा में लगे जंगले की सरियों को तोड़कर अस्पताल परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने स्टाफ रूम और मेडिसिन रूम के ताले तोड़कर कमरों को खंगाला। मेडिसिन रूम में बिखरा सामान और क्षतिग्रस्त ताले चोरी की पुष्टि कर रहे हैं।
गुरुवार सुबह जब कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर तत्काल चिकित्सक सुधीर कुमार को सूचना दी गई। निरीक्षण के बाद चिकित्सक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शमशाबाद थाना में तहरीर दी है।
चिकित्सक सुधीर कुमार ने बताया कि पशु चिकित्सक अखिलेश कुमार अवकाश पर हैं। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और दवाओं की विस्तृत सूची तैयार की जा सकेगी। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में हालिया चोरियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि शमशाबाद थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर सक्रिय बताए जा रहे हैं। दो दिन पहले ही कुइयां खेड़ा और कुइया संत गांवों में होमगार्ड सहित आठ घरों में चोरी की वारदातें सामने आई थीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है।
पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने का दावा किया है।






