बढ़पुर में आधी रात से गूंजे क्रिसमस के गीत, सीएनआई चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया प्रभु यीशु का जन्मोत्सव
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के बढ़पुर क्षेत्र में क्रिसमस का पर्व बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। रात 12 बजते ही सीएनआई बढ़पुर चर्च में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की शुरुआत हुई, जहां बड़ी संख्या में मसीह समाज के लोग विशेष प्रार्थना सभा में शामिल हुए।
क्रिसमस के अवसर पर चर्च परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। विशेष प्रार्थना सभा में पादरी मनोज कुमार ने पवित्र बाइबिल से प्रभु यीशु के वचनों का पाठ किया और क्रिसमस के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का जीवन प्रेम, त्याग, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
प्रार्थना सभा के दौरान देश-दुनिया में शांति, सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और मानवता की मजबूती के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। कई दिनों से चल रही तैयारियों के बाद क्रिसमस की रात चर्च में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की उपस्थिति से उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो गया।
कार्यक्रम के दौरान सांता क्लॉज ने बच्चों को टॉफी और चॉकलेट वितरित कीं, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। रात 12 बजे सामूहिक रूप से क्रिसमस केक काटा गया और मसीही गीतों के साथ प्रभु की आराधना की गई।
क्रिसमस समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चर्च परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुआ।






