
संवाद 24 मुंबई। बॉलीवुड में इन दिनों रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का जलवा कायम है। बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के साथ यह फिल्म साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हो चुकी है। इसी बीच इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने फैंस के साथ-साथ मेकर्स को भी चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह ने Don 3 से फिलहाल दूरी बना ली है।
रिपोर्ट में क्या कहा गया
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन में बन रही ‘डॉन 3’ को रणवीर सिंह ने साइड कर दिया है। पहले योजना थी कि ‘धुरंधर’ की रिलीज के तुरंत बाद रणवीर इस एक्शन थ्रिलर की तैयारियां शुरू करेंगे, लेकिन बदले हुए हालात में ऐसा नहीं हो पाया।
‘धुरंधर’ के बाद अलग राह
सूत्रों का कहना है कि ‘धुरंधर’ की अपार सफलता के बाद रणवीर सिंह अपने अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी स्पष्ट हैं। वह एक जैसी थीम वाली फिल्मों में लगातार नजर नहीं आना चाहते। इसी वजह से उन्होंने अन्य जॉनर और अलग तरह की कहानियों पर काम करने का मन बनाया है।
बताया जा रहा है कि रणवीर अब संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे निर्देशकों के साथ भविष्य की फिल्मों पर फोकस करना चाहते हैं। इसी क्रम में उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की ‘धुरंधर’ के बाद अपनी अगली प्राथमिकता जय मेहता की फिल्म ‘प्रलय’ को दी है।
‘प्रलय’ पर बढ़ा फोकस
‘प्रलय’ एक इमोशनल थ्रिलर बताई जा रही है, जो विपरीत परिस्थितियों में परिवार को बचाने की जद्दोजहद को दिखाती है। सूत्रों के अनुसार रणवीर सिंह इस प्रोजेक्ट की शूटिंग जल्दी शुरू करने के लिए निजी तौर पर डेट्स और शेड्यूल फाइनल करने में जुटे हैं, ताकि फिल्म तय समय से पहले फ्लोर पर जा सके।
‘डॉन 3’ फिलहाल पोस्टपोन
उधर, ‘डॉन 3’ को लेकर अंदरूनी जानकारी यह है कि फिल्म को फिलहाल पोस्टपोन कर दिया गया है। इस हाई-बजट एक्शन फिल्म में फीमेल लीड के तौर पर कृति सेनन का नाम सामने आ चुका है। फिल्म की शूटिंग यूरोप की कई लोकेशनों पर प्रस्तावित थी, लेकिन अब नए हीरो के चयन और नई टाइमलाइन के साथ मेकर्स आगे की रणनीति तय करेंगे।
इंडस्ट्री में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ‘डॉन 3’ में अब रणवीर सिंह की जगह कौन सा बड़ा नाम एंट्री लेता है।






