कड़ाके की ठंड में डीएम ने रात में संभाली कमान : रैन बसेरों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी देर रात शहर में निकले और रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बीच डीएम ने यह परखा कि सर्द रातों में जरूरतमंदों को पर्याप्त सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं।

डीएम ने सबसे पहले फतेहगढ़ स्थित रैन बसेरा पहुंचकर वहां रखे रजिस्टर की जांच की और रात गुजार रहे लोगों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लोहिया अस्पताल परिसर में तीमारदारों के लिए बनाए गए रैन बसेरे का निरीक्षण किया, जहां लोगों को ठंड से बचाव के लिए हीटर और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।

इसके बाद जिलाधिकारी रोडवेज बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा पहुंचे, जहां महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वहां तैनात चौकीदार से रजिस्टर में दर्ज एंट्री और आधार सत्यापन प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।

डीएम ने रेलवे स्टेशन परिसर में बने रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें शहर के प्रमुख चौराहों पर नगर पालिका द्वारा जलाए जा रहे अलाव भी जलते हुए मिले।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम में रैन बसेरों, अलाव और अन्य सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और जरूरतमंदों को हर हाल में राहत मिलनी चाहिए।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News