कायमगंज में सड़क पर बह रहा बंबे का पानी, 200 मीटर तक जलभराव से राहगीर परेशान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज में जौंरा रोड पर मेहंदियावली मजार के पास बंबे का पानी सड़क पर बहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भरा है, जिससे लगभग 200 मीटर के दायरे में आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंबे की समय पर सफाई न होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ गया है। राहगीर रजित कुमार, धर्मेंद्र और सुनील ने बताया कि पानी से गुजरते समय कई दोपहिया वाहन बंद हो चुके हैं, जबकि कुछ लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं। खासकर बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
मामले में नहर विभाग के कर्मचारी भूदेव सिंह ने बताया कि कागजी रिकॉर्ड में बंबा पट्टी मजरा लालपुर के पास तक ही दर्ज है और उसी हिस्से की सफाई कराकर पानी छोड़ा गया था। उनका कहना है कि इसके आगे का हिस्सा ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता है, जहां सफाई न होने के कारण पानी सड़क पर फैल रहा है।
वहीं, चिलौली ग्राम पंचायत के प्रधान पति सत्यम ने बताया कि उन्हें अभी समस्या की पूरी जानकारी नहीं थी, लेकिन जल्द ही बंबे की सफाई कराई जाएगी।
फिलहाल, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि जल्द से जल्द बंबे की सफाई कराकर जलभराव की समस्या दूर की जाए, ताकि आवागमन सामान्य हो सके।






