राजेपुर CHC में CMO का औचक निरीक्षण : 9 स्वास्थ्यकर्मी गैरहाजिर, मरीजों के लिए हीटर–कंबल की व्यवस्था

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अविनेंद्र कुमार ने राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान ड्यूटी से 9 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर CMO ने कड़ी नाराजगी जताई और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान CMO ने ओटी, इमरजेंसी, एनबीएसयू कक्ष, महिला प्रसव वार्ड, नर्स ड्यूटी रूम, टीकाकरण कक्ष, ओपीडी और लैब का बारीकी से जायजा लिया। मरीजों के वार्ड में खिड़कियां खुली मिलने पर उन्होंने तत्काल उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही ठंड को देखते हुए भर्ती मरीजों के लिए हीटर लगवाने और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उपस्थिति रजिस्टर की जांच में स्टाफ नर्स कामिनी वर्मा व दीपा, बीपीएम रोहित सिंह, वीसीपीएम विनीता, डॉक्टर क्षमा, डॉक्टर हिमांशु राजपूत, कार्तिकेय सिंह और नागेंद्र पाल सहित कुल 9 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। CMO ने सभी के विरुद्ध जांच शुरू कराने के आदेश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान CMO ने महिला प्रसव वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को कंबल वितरित कराए और हीटर की व्यवस्था भी करवाई, ताकि ठंड से राहत मिल सके।

CMO डॉ. अविनेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर डॉ. प्रमित राजपूत, डॉ. अमित वर्मा और डॉ. रजत कटियार भी मौजूद रहे।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *