शीतलहर का कहर: फर्रुखाबाद में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल दो दिन बंद

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जिले में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों—जिसमें सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के स्कूल भी शामिल हैं—में नर्सरी से कक्षा 12 तक 19 और 20 दिसंबर 2025 को शिक्षण कार्य पूर्ण रूप से स्थगित रहेगा। यह निर्णय मौसम विभाग की चेतावनी और जिलाधिकारी की अनुमति के बाद लिया गया है।

हालांकि, अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्हें निर्वाचन से संबंधित कार्य, विभागीय जिम्मेदारियों और उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं, अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में बताया है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *