तेज रफ्तार बाइक ने ली मासूम बच्ची की जान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित बलीपुर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय बच्ची की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बलीपुर निवासी रमाकांत की पुत्री दिव्या घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे तुरंत लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। दिव्या तीन बहनों में सबसे छोटी थी।






