विजयनगर में 35 लाख की चोरी का खुलासा, स्कूटी नंबर बना अहम सुराग, तीन गिरफ्तार, लेकिन बरामद जेवरात पर उठे सवाल

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर के विजयनगर इलाके में एक ओएफसी कर्मचारी के घर से हुई 35 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना 7 दिसंबर की है, जब पीड़ित परिवार शादी समारोह में गाजीपुर गया हुआ था। घर में काम करने वाली महिला ने ताला टूटा देखकर सूचना दी, तो पता चला कि 50 हजार रुपये नकद के साथ-साथ पत्नी, भाभी और बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती जेवरात गायब हैं।


काकादेव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की स्कूटी कैद हो गई। इसी स्कूटी के नंबर के आधार पर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र का सहारा लिया। करीब 150 कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस सोमवार देर रात तीन शातिर बदमाशों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्नलगंज निवासी रविंद्र कुमार, अमन उर्फ करन और सूरज पासवान उर्फ काला जाम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल स्कूटी, दो पीली धातु (सोने) की अंगूठियां, दो सफेद धातु (चांदी) की अंगूठियां, एक सिक्का और दो मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।


डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना अमरदीप उर्फ माइकल (कर्नलगंज निवासी) कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पुलिस मुठभेड़ का मामला भी शामिल है। सरगना के साथी विशाल शर्मा पर तीन मुकदमे हैं, जबकि चौक सर्राफा बाजार के सर्राफ रमेश (जिनका बेटा पहले चोरी के माल खरीदने के मामले में जेल जा चुका है) की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि ये लोग चोरी का माल सर्राफ को बेचते थे।


हालांकि पुलिस के इस खुलासे पर सवाल भी उठ रहे हैं। पीड़िता प्रीति (पीड़ित संतोष कुमार की पत्नी) ने बरामद जेवरात को देखने के बाद उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि यह सामान उनका नहीं है। ऐसे में पुलिस की बरामदगी और पूरे मामले की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा हो गया है।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। सरगना और बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं। यह मामला शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित परिवार को पूरा माल वापस मिले, इसके लिए जांच आगे जारी है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News