कैश पिकअप कर्मी से गोलीकांड के बाद हरकत में पुलिस, डीआईजी ने फर्रुखाबाद लूट केस के त्वरित खुलासे के दिए निर्देश

संवाद 24 संवाददाता।
कादरी गेट थाना क्षेत्र के गुंजन बिहार कॉलोनी में कैश पिकअप कर्मी को गोली मारकर लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरीश चंद्र ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर घटना के जल्द से जल्द खुलासे के सख्त निर्देश दिए हैं।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक के दौरान डीआईजी ने जिले की कानून-व्यवस्था, मिशन शक्ति अभियान, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, जनशिकायतों और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगीन अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लूट की घटना का जल्द खुलासा पुलिस की प्राथमिकता है।

बैठक में विशेष रूप से राजेश शर्मा नामक कैश पिकअप कर्मी से हुई लूट की घटना पर चर्चा की गई। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संभावित संदिग्धों के आधार पर तेजी से कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने जनता में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सक्रिय पुलिसिंग पर जोर दिया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News