पहलगाम आतंकी हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी: NIA की 1300 पेज की चार्जशीट में बड़े खुलासे, लश्कर कमांडर सजाद जट्ट भी नामजद

Share your love

संवाद 24 डेस्क: नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले के 237 दिन बाद सोमवार को जम्मू की NIA स्पेशल कोर्ट में करीब 1300 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इस भीषण हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी और इसमें पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उससे जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) की अहम भूमिका रही।

चार्जशीट के मुताबिक यह हमला पूरी तरह धर्म के आधार पर किया गया टारगेटेड मर्डर था, जिसमें 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हालांकि चार्जशीट की विस्तृत सामग्री अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन NIA ने अदालत के सामने हमले से जुड़े ठोस सबूत पेश किए हैं।

7 आरोपी नामजद, पाकिस्तानी हैंडलर सजाद जट्ट भी शामिल
NIA ने इस मामले में कुल 7 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर और लश्कर कमांडर सजाद जट्ट का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा, 28 जुलाई को ऑपरेशन महादेव के तहत मारे गए तीन पाकिस्तानी आतंकियों—फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान शाह, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान और हमजा अफगानी—को भी चार्जशीट में आरोपी बनाया गया है। एजेंसी का कहना है कि ये आतंकी सीधे तौर पर पहलगाम हमले की साजिश और उसके क्रियान्वयन में शामिल थे।

22 अप्रैल को हुआ था हमला, बायसरन घाटी बनी थी निशाना
यह आतंकी हमला इसी साल 22 अप्रैल को पहलगाम से करीब 6 किलोमीटर दूर बायसरन घाटी में हुआ था। आतंकियों ने पर्यटकों से उनकी धार्मिक पहचान पूछकर गोलीबारी की थी। इस बर्बर हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री बोले—फैसला अब अदालत करेगी
चार्जशीट दाखिल होने पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि NIA ने अपनी जांच पूरी कर ली है और अब मामला अदालत में है। दोषी या निर्दोष का फैसला न्यायपालिका करेगी।

हमले में मदद करने वाले दो स्थानीय आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इससे पहले, 23 जून को NIA ने पहलगाम के दो स्थानीय निवासियों—परवेज अहमद जोठार और बशीर अहमद जोठार—को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि इन दोनों ने हमले से पहले आतंकियों को हिल पार्क इलाके में एक अस्थायी झोपड़ी में पनाह दी थी और उन्हें खाना व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं।

ऑपरेशन महादेव में ढेर हुए थे मास्टरमाइंड समेत 3 आतंकी
28 जुलाई को श्रीनगर के दाचीगाम नेशनल पार्क के पास हरवान इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया था। इनमें पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा भी शामिल था। यह कार्रवाई ऑपरेशन महादेव के तहत की गई थी। इसके अगले दिन गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बताया था कि पहलगाम हमले में शामिल सभी तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया है और उनकी पहचान पाकिस्तानी दस्तावेजों के आधार पर हुई है।

भारत का जवाब—ऑपरेशन सिंदूर
पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में ऑपरेशन सिंदूर के तहत बड़ी सैन्य कार्रवाई की थी। रात 1:05 बजे शुरू हुए इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने 24 मिसाइलें दागकर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी। कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद सरगना मौलाना मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य और उसके 4 करीबी सहयोगी भी मारे गए थे।

NIA की चार्जशीट के बाद अब पहलगाम आतंकी हमले की साजिश, उसमें पाकिस्तान की भूमिका और आतंकी नेटवर्क की पूरी तस्वीर अदालत के सामने आने की उम्मीद है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News