अयोध्या राम मंदिर प्रतिष्ठा द्वादशी के मुख्य अतिथि होंगे राजनाथ सिंह, तीन दिवसीय होगा भव्य आयोजन
Share your love

संवाद 24, अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को उनकी सहमति प्राप्त हो गई है। रक्षा मंत्री 31 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे और प्रमुख अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे।
प्रतिष्ठा द्वादशी का मुख्य आयोजन तीन दिनों तक चलेगा, जो 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 27 दिसंबर से रामलला का मंडल पूजन अनुष्ठान प्रारंभ होगा। यह अनुष्ठान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी एवं जगद्गुरु माध्वाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ के निर्देशन में 31 दिसंबर तक संपन्न होगा। इस दौरान भगवान रामलला का षोडशोपचार पूजन एवं महाभिषेक किया जाएगा, जिसका सजीव प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से किया जाएगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया कि प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह के अंतर्गत 29 दिसंबर से जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य के श्रीमुख से रामकथा का आयोजन किया जाएगा। रामकथा की पूर्णाहुति 2 जनवरी को होगी।
महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत छत्तीसगढ़ की एक विशेष मंडली द्वारा भगवान राम के जन्म से लेकर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने तक की लीला प्रसंगों पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन दो दिनों तक किया जाएगा। इसके अलावा 31 दिसंबर को प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे, जबकि 1 जनवरी को बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडेकर सांस्कृतिक संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि सभी धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम अंगद टीला परिसर में आयोजित किए जाएंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में इन सभी आयोजनों को औपचारिक रूप से अनुमोदन प्रदान किया गया है।




