ईरानी बस्ती में पुलिस का सत्यापन अभियान, पहचान दस्तावेजों की गहन जांच
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के ठंडी सड़क रेलवे रोड स्थित नव भारत सभा भवन के पास बनी ईरानी बस्ती में शनिवार को पुलिस प्रशासन ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान बस्ती में रह रहे लगभग दो दर्जन परिवारों के पहचान और निवास से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।
अभियान में सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय के साथ शहर कोतवाली, कादरीगेट और मऊ दरवाजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस टीम ने बस्ती में पहुंचकर सभी परिवारों से आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे और उनका आपसी मिलान किया। साथ ही लोगों से यहां रहने की अवधि, मूल निवास और परिवार के सदस्यों के बारे में पूछताछ भी की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों की फोटो कॉपी कर रिकॉर्ड में शामिल किया। जिन लोगों के पास पूरे कागजात उपलब्ध नहीं थे, उन्हें शीघ्र दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह सत्यापन के उद्देश्य से है, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी को रोका जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ईरानी बस्ती को लेकर कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिली थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर वहां रह रहे लोगों के निवास और पहचान से जुड़े अभिलेखों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह एक नियमित सत्यापन प्रक्रिया है और बिना जांच किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का माहौल रहा। वहीं स्थानीय लोगों ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी कदम बताया। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह के सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।






