महिला बीएलओ की सड़क हादसे में मौत: परिजनों का हाईवे पर जाम
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर स्कूटी सवार महिला बीएलओ अर्चना सिंह की सड़क हादसे में मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दुर्घटना के तुरंत बाद परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और करीब 40 मिनट तक धरने पर बैठकर कार्रवाई की मांग करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस को रूट डायवर्जन तक करना पड़ा।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन डिबाइडर निर्माण की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि जेएसएम कॉलेज बघार से बघार तक डिबाइडर न होने के कारण अक्सर हादसे होते हैं और अर्चना सिंह की जान भी इसी लापरवाही की भेंट चढ़ी है। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जाम तभी खुलेगा जब जिलाधिकारी और स्थानीय सांसद मौके पर पहुंचेंगे या फिर डिबाइडर निर्माण को लेकर लिखित आश्वासन दिया जाएगा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया। अधिकारियों द्वारा डिबाइडर निर्माण की मांग पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ही परिजन जाम खोलने को तैयार हुए। इसके उपरांत यातायात पुनः सुचारू कराया गया।
महिला बीएलओ अर्चना सिंह की डंपर से कुचलकर हुई दर्दनाक मौत ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों को जन्म दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर डिबाइडर निर्माण के बिना हादसों पर रोक लगाना संभव नहीं है। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद अब ग्रामीण निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद कर रहे हैं।






