कानपुरः पुलिस चौकी बनी शराब का अड्डा, चौकी प्रभारी और दरोगा निलंबित
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिस पुलिस चौकी में आमजन अपनी सुरक्षा की फरियाद लेकर पहुंचता है, उसी चौकी को कुछ पुलिसकर्मी शराबखाने में तब्दील कर दें तो इसे क्या कहा जाए? कानपुर के रावतपुर थाने अंतर्गत गुरुदेव पैलेस पुलिस चौकी में मंगलवार देर रात जो कुछ हुआ, उसने पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया।
एडीसीपी (पश्चिम) कपिल देव सिंह को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि गुरुदेव चौकी में रात के समय खुलेआम शराब पी जाती है। शिकायतें गंभीर थीं, इसलिए उन्होंने खुद मंगलवार रात अचानक छापा मारने का फैसला किया। जब वे चौकी पर पहुंचे तो जो नजारा दिखा, वह किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के लिए झकझोर देने वाला था।
चौकी प्रभारी लोकेश पटेल और दरोगा निखिल सिंह मेज पर गश्ती ड्रेस में ही मेज पर गिलास और शराब की बोतलें सजाए बैठे थे। दोनों बेधड़क शराब पी रहे थे। एडीसीपी के अंदर आते ही दोनों के होश उड़ गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
एडीसीपी ने मौके पर ही दोनों को कड़ी फटकार लगाई और पूरी रिपोर्ट तैयार कर तुरंत डीसीपी (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी को भेज दी। डीसीपी ने बिना देर किए दोनों पुलिसकर्मियों – चौकी प्रभारी लोकेश पटेल और दरोगा निखिल सिंह – को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
यह पहला मौका नहीं है जब कानपुर पुलिस के किसी थाने या चौकी में शराब पार्टी का मामला सामने आया हो, लेकिन चौकी प्रभारी और दरोगा का इस तरह खुले आम ड्यूटी के दौरान नशे में धुत मिलना बेहद गंभीर और शर्मनाक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय चौकी पर ताला लगा रहता था और अंदर से हंसी-ठिठोली व शराब की महक आती थी, लेकिन कोई शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था।
पुलिस महकमे में इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। उच्चाधिकारियों ने साफ कर दिया है कि खाकी पर इस तरह का कलंक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब दोनों निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसमें और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की आशंका है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे? उम्मीद की जानी चाहिए कि यह कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति न बन कर रहे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि बाकी पुलिसकर्मियों में भी संदेश जाए कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की हरकतें अब बर्दाश्त नहीं होंगी।






