लापरवाह ACP अपनी कार्यशैली सुधारें वरना कार्रवाई तय : कानपुर पुलिस कमिश्नर की सख्त चेतावनी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने रविवार को साढ़े तीन घंटे तक चली अपराध गोष्ठी में शहर के कई वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया नहीं सुधारा गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित राजपत्रित अधिकारियों की इस समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने साफ कहा,
“जनसुनवाई में सबसे ज्यादा शिकायतें चकेरी, नौबस्ता, कल्याणपुर, पनकी और बाबूपुरवा क्षेत्रों से आ रही हैं। पहले खुद अपनी कार्यशैली सुधारो, तभी थानेदारों को सुधारने की बात करोगे।” इन पांच सर्किलों को कमिश्नर ने ‘रेड जोन’ में डालते हुए चेताया कि प्रदर्शन में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई तय है। वहीं बिल्हौर और घाटमपुर सर्किल के एसीपी की तारीफ करते हुए उनके कार्यों को सराहा गया।
कमिश्नर के प्रमुख निर्देश
साइबर अपराध की हर FIR तुरंत दर्ज करें और शीघ्र खुलासा करें।
मारपीट के मामलों में आरोपियों को भारी मुचलके पर पाबंद करें।
वृद्ध एवं लंबे समय से अपराध-मुक्त हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी बंद करें, लेकिन सक्रिय अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट खोलकर कड़ी निगरानी रखें।
लापता हिस्ट्रीशीटरों की तलाश तेज करें।
फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वालों और फर्जी प्रार्थना-पत्र देने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। हर एसीपी को अपने क्षेत्र के हर अपराध, विवाद और पुलिसकर्मी की पूरी जानकारी रखनी होगी। SC-ST एक्ट का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा में सराहनीय सुधार
बैठक में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम की भी समीक्षा हुई। कमिश्नर ने बताया कि टीम के प्रयासों से:
मृत्यु दर में 23%
दुर्घटना दर में 26%
घायलों की संख्या में 46% की कमी दर्ज की गई है। घायलों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने के कारण कई जिंदगियां बचाई जा सकीं।
साथ ही सभी थानों को माल-मुकदमों और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
कानपुर पुलिस की इस उच्चस्तरीय बैठक ने साफ संदेश दे दिया है कि अब लापरवाही करने वालों को कोई छूट नहीं मिलेगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण ही प्राथमिकता रहेगी।






