सर्दी बढ़ी, 33 हजार बच्चे बिना स्वेटर के स्कूल जाने को मजबूर

संवाद 24 फर्रुखाबाद
जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले हजारों बच्चे कड़ाके की ठंड में बिना स्वेटर और यूनिफॉर्म पहने ही स्कूल जाने को मजबूर हैं। शिक्षा सत्र 2025–26 शुरू हुए सात माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक 33 हजार से अधिक बच्चों के अभिभावकों के खाते में यूनिफॉर्म और स्वेटर बनवाने के लिए मिलने वाले 1200-1200 रुपए नहीं आए हैं। ये राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाती है, जो आज तक जारी नहीं हुई।

बच्चों को यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूता-मोजा, बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए प्रति अभिभावक 1200 रुपए दिए जाने हैं। परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.49 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से 1.16 लाख अभिभावकों के खातों का सत्यापन हो चुका है। राज्य से 1.46 लाख अभिभावकों के खाते डीबीटी के माध्यम से सत्यापित शिक्षकों द्वारा जमा भी करा दिए गए थे। दावा है कि करीब 15 हजार बच्चों के खाते में शीघ्र राशि पहुंच जाएगी।

इसके बावजूद अभी लगभग 33 हजार बच्चे बिना स्वेटर और यूनिफॉर्म स्कूल आ रहे हैं, जिससे ठंड में उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ना तय है। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि शासकीय स्तर से जल्द ही राशि जारी कराई जाएगी, ताकि अभिभावक बच्चों का स्वेटर और यूनिफॉर्म समय पर बनवा सकें।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्राम प्रताप सिंह ने कहा कि धनराशि जल्द ही भेजी जाएगी। अभिभावकों के खाते में पैसा आते ही यूनिफॉर्म और स्वेटर बनवाना सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ठंड के बढ़ते मौसम को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *