इटावा–बरेली हाईवे पर अवैध कट बढ़ा रहे हादसों का खतरा

संवाद 24 फर्रुखाबाद।

गलत दिशा में दौड़ते ट्रैक्टर से बढ़ रही दुर्घटना की आशंका,
सुभाग चौराहा से इटावा–बरेली हाईवे को जोड़ने वाला मार्ग लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। हाईवे पर अवैध कट और गलत दिशा में वाहनों की आवाजाही से हादसों की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग जरूर लगाई गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने अवैध कट खोलकर यातायात व्यवस्था को बाधित कर दिया।

यात्री बताते हैं कि अवैध कट से मिट्टी और बालू से भरे ट्रैक्टर बिना रोक-टोक हाईवे पर गलत दिशा में दौड़ रहे हैं। इससे वाहनों की आमने-सामने टक्कर का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक जोखिम तेज रफ्तार ट्रक और बसों को है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अवैध कट बंद कराने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

हाईवे निर्माण अधूरा, सुरक्षा व्यवस्था लचर
इटावा–बरेली हाईवे का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। जिस हिस्से पर निर्माण चल रहा है, वहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। यातायात को मोड़ने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है और सिग्नलिंग सिस्टम भी सक्रिय नहीं किया गया है। इससे रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कंपनियों की लापरवाही के चलते हाईवे पर जगह-जगह खुले कट और गड्ढे बने हैं, जिन पर वाहन चालक अचानक नियंत्रण खो देते हैं।

क्या होना चाहिए
• सभी अवैध कट तत्काल बंद हों
• ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती
• हाईवे पर सिग्नल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था
• निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन

अधिकारी बोले
यातायात प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इटावा–बरेली हाईवे पर जो अवैध कट बरसों पहले यूसीपीडब्ल्यूडी द्वारा बंद कराए गए थे, उन्हें फिर खोल दिया गया है। जल्द ही परिवहन विभाग और निर्माण एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इन्हें बंद कराया जाएगा।

स्थानीय जनता ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक हाईवे पूरी तरह से निर्मित और सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक गलत दिशा में चलने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News