आर्मी चीफ बोले– ऑपरेशन ‘सिंदूर’ 22 मिनट में सफल, सेना ने 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए
Share your love

संवाद 24
आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन ‘सिंदूर’ एक भरोसेमंद ऑर्केस्ट्रा की तरह था, जहां हर सहभागी ने अपनी भूमिका सटीकता से निभाई। इसी तालमेल की वजह से भारतीय सेना ने मात्र 22 मिनट में नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
दिल्ली में NDIM के दीक्षांत समारोह में ‘Navigating Change: The Real Constant’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सैन्य अभियानों की तैयारी उस क्षण में नहीं होती, बल्कि वर्षों की रणनीतिक सोच, इंटेलिजेंस, तकनीक और सटीक निर्णय क्षमता से मिलकर बनती है।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों के बाद भारत की सभी जवाबी सैन्य कार्रवाइयां ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के तहत की गईं। परमाणु हथियार रखने वाले दो पड़ोसी देशों के बीच चला यह सैन्य टकराव लगभग 88 घंटे तक चला और 10 मई की शाम एक समझौते के बाद रुक सका।
आर्मी चीफ की स्पीच की प्रमुख बातें
• दुनिया में वर्तमान समय में 55 से अधिक संघर्ष सक्रिय हैं और 100 से ज्यादा देश प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर शामिल हैं। जियोइकोनॉमिक्स आज प्रतिबंध, राष्ट्रवाद और प्रतिस्पर्धा के बीच संघर्ष के नए रूप में बदल रहा है।
• आधुनिक रणनीति में 6C मॉडल लागू हो रहा है – Cooperation, Collaboration, Co-existence, Competition, Contestation और Conflict।
• तकनीक ने युद्ध की दिशा बदल दी है। सेना अब AI, डेटा साइंस, ड्रोन और नेटवर्क-आधारित संचालन का उपयोग कर रही है।
• भारतीय सेना तेजी से मॉडर्नाइजेशन, संयुक्त संचालन क्षमता, रिसोर्स सिस्टम सुधार और रेस्पॉन्सिवनेस बढ़ाने की दिशा में बदलाव कर रही है।
• मैं भारत की लगभग 1% आबादी — 1.3 करोड़ सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों — की जिम्मेदारी संभालता हूं। यह निर्णय क्षमता किसी भी कॉर्पोरेट निर्णय से कई गुना बड़ी होती है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि बदलती दुनिया में चुनौतियों के साथ अवसर भी बढ़ रहे हैं और रणनीतिक दृष्टिकोण ही सफलता तय करेगा।






