“मतदाता सूची में धांधली हरगिज़ बर्दाश्त नहीं” हरि किशोर तिवारी
Share your love

संवाद 24 आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगामी शिक्षक निर्वाचन को लेकर चुनावी हलचल तेज़ है। इसी क्रम में बुधवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर हरि किशोर तिवारी अपने समर्थकों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज, आगरा पहुंचे। यहां उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए स्पष्ट कहा कि शिक्षक निर्वाचन सीट पर मतों में किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंजीनियर तिवारी का कहना था कि मतदाता सूची में वही नाम शामिल होने चाहिए जो पोर्टल पर विधिवत दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों अलीगढ़, गोरखपुर, महाराजगंज, मैनपुरी, बनारस, हाथरस, औरैया और फर्रुखाबाद में जिला विद्यालय निरीक्षकों द्वारा गाइडलाइन जारी की गई है, जिनका पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने आगरा जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली बार यहां लगभग आठ हजार मतदाता थे, लेकिन इस बार संख्या बढ़कर 22 हजार से अधिक हो गई है, जो कई तरह की आशंकाएं पैदा करती है। तिवारी ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पांच के स्थान पर 45–50 तक फॉर्म भरकर जमा कराए जा रहे हैं और गलत मत बनवाने के लिए अनावश्यक दबाव भी बनाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित नियम और गाइडलाइन ही आधार बननी चाहिए, किसी भी दबाव में गलत कार्य नहीं किया जाएगा। तिवारी ने यह भी जोड़ा कि सही मतदाताओं को सूची से बाहर करना भी उतना ही अनुचित है, इसलिए सभी नामों का प्रमाणीकरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही होना चाहिए।
हरि किशोर तिवारी ने प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों से मांग की कि गड़बड़ियों को तुरंत चिन्हित किया जाए और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।






