इटावा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में युवक की मौत पर बवाल, डॉक्टर नदारद, दो युवकों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

संवाद 24 इटावा। उत्तर प्रदेश के जनपद इटावा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय (जिला अस्पताल) की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई हैं। शनिवार तड़के करीब तीन बजे इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल में मौजूद दो युवकों पर गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगते ही युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद दोनों आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और परिजन अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

तड़के तीन बजे इमरजेंसी में नहीं मिला कोई डॉक्टर, बाहर से मंगाया था इंजेक्शन

मृतक के भाई अंकित ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके भाई को अचानक चलने में काफी परेशानी हो रही थी। हालत बिगड़ती देख वह शनिवार तड़के करीब तीन बजे उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। अंकित का आरोप है कि उस समय इमरजेंसी वार्ड में कोई भी जिम्मेदार चिकित्सक मौजूद नहीं था। वहां केवल ऋषभ और अंकित नाम के दो युवक मौजूद थे, जो मरीजों को देख रहे थे। अंकित के मुताबिक, वहां मौजूद दोनों युवकों ने उनसे एक इंजेक्शन बाहर के मेडिकल स्टोर से खरीदकर लाने के लिए कहा। वह तुरंत इंजेक्शन लेने बाहर गए, लेकिन जब वह लौटकर इमरजेंसी में पहुंचे, तब तक दोनों युवक उनके भाई को कोई दूसरा इंजेक्शन लगा चुके थे। आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगने के कुछ ही पलों बाद युवक की मौत हो गई। युवक की सांसें थमते ही दोनों आरोपी वहां से खिसक लिए। इसके बाद पीड़ित भाई ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

अधिवक्ता के परिवार से था मृतक, सीएमएस और सीएमओ की कार्यशैली पर उठे सवाल

युवक की मौत की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में आक्रोश फैल गया। अधिवक्ता अश्वनी सिंह ने बताया कि मृतक युवक एक अधिवक्ता के परिवार से ताल्लुक रखता था। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंचे और लचर स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ता अश्वनी सिंह ने जिला अस्पताल के सीएमएस (CMS) और जिले के सीएमओ (CMO) की घोर लापरवाही पर सीधे सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि महज दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें इमरजेंसी वार्ड के भीतर एक सफाई कर्मचारी मरीज को इंजेक्शन लगाता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि जब सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों के बजाय अनाधिकृत लोग और सफाईकर्मी मरीजों को इंजेक्शन लगाएंगे, तो आम जनता को सही इलाज कैसे मिल पाएगा। फिलहाल परिजनों और अधिवक्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *