
संवाद 24 फर्रुखाबाद/राजेपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद अंतर्गत राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर राठौरी में रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रांसफार्मर लदे एक तेज रफ्तार डीसीएम मिनी ट्रक के अनियंत्रित होकर दुकानों में घुसने से सामान खरीद रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि दुकानदार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में दो दुकानों और चार सिलाई मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
दुकान पर सामान खरीद रहा था दिलीप, तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेपुर राठौरी निवासी सोनी देवी का पुत्र दिलीप कुमार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे गांव में ही स्थित राजेश पाल की दुकान पर कुछ सामान खरीदने गया था। इसी दौरान सड़क से गुजर रहा ट्रांसफार्मर लदा एक तेज रफ्तार डीसीएम मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा। तेज रफ्तार डीसीएम की सीधी चपेट में आने से दिलीप कुमार गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में घायल दिलीप को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल, दो दुकानें और चार सिलाई मशीनें क्षतिग्रस्त
इस भीषण दुर्घटना में दुकानदार राजेश पाल, मगनलाल और बृजमोहन सिंह उर्फ पप्पू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीसीएम की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दुकानों का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, मगनलाल की दुकान के भीतर रखी चार सिलाई मशीनें भी टूटकर बर्बाद हो गईं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक डीसीएम को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मां की तहरीर पर मंगलवार को दर्ज हुआ केस, एसआई महेश कुमार करेंगे जांच
मृतक युवक की मां सोनी देवी ने 23 नवंबर को थाना राजेपुर में अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर बेटे की जान लेने की लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर राजेपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक (एसआई) महेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नंबर और मालिक के जरिए फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है।






