शादी से घर नहीं लौटा ऋषभ, सुबह नाले में शव देख मची चीख-पुकार, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

संवाद 24 फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद अंतर्गत मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के बघार नाले में शनिवार सुबह एक 34 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान ग्राम गुतासी निवासी श्याम मनोहर उर्फ ऋषभ शाक्य (पुत्र लक्ष्मी नारायण) के रूप में हुई है। शव के पास ही युवक की मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शनिवार शाम दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें पसली टूटने से मौत होने की पुष्टि हुई है।

शादी समारोह से लौटते वक्त हुई अनहोनी, पेट और पीठ पर मिले चोट के निशान

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, श्याम मनोहर उर्फ ऋषभ एक सुनार के यहां वाहन चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार की रात वह अपनी बाइक से नवाबगंज क्षेत्र में अपनी मौसी के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। रात भर घर न लौटने के बाद शनिवार सुबह परिजनों को बघार नाले में उनका शव और पास ही बाइक पड़े होने की सूचना मिली। शनिवार शाम डॉ. जितेंद्र बहादुर और डॉ. राणा प्रताप के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का मुख्य कारण पसली का टूटना बताया गया है। इसके अतिरिक्त मृतक के पेट और पीठ पर भी चोट के गहरे निशान पाए गए हैं।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। शरीर पर मौजूद चोट के निशानों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए परिवार के लोगों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची मऊ दरवाजा थाना पुलिस और फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है कि यह किसी सड़क दुर्घटना का परिणाम है या फिर कोई आपराधिक वारदात। फिलहाल परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होते ही पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *