
संवाद 24 फर्रुखाबाद/कायमगंज। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। टेढ़ीकोन के पास तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतीक्षालय क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार करीब एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश नंबर की डबल डेकर बस लोनी से फर्रुखाबाद जा रही थी। बस में लगभग 60 से 70 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेढ़ीकोन के पास अताईपुर मार्ग की तरफ से एक ट्रैक्टर आ रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, यात्री खुद निकले बाहर
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बस रुकते ही यात्री किसी तरह बाहर निकले। करीब एक दर्जन लोगों को हल्की चोटें आईं। इनमें परिचालक अवनीश भी शामिल बताया गया है। हालांकि किसी भी घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने की नौबत नहीं आई। मामूली चोटों के बाद यात्री दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
बस चालक की पहचान लालू के रूप में बताई गई है, जबकि परिचालक का नाम अवनीश बताया गया। आरोप है कि हादसे के बाद चालक और परिचालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर वहां से चले गए।
भाई दूज पर घर लौट रहे थे अधिकांश यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में करीब 60 से 70 लोग सवार थे। इनमें अधिकांश यात्री भाई दूज के अवसर पर अपने घरों की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।
निजी बसों की रफ्तार और ओवरलोडिंग पर उठे सवाल
इस हादसे ने कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर संचालित निजी स्लीपर बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर कई निजी बसें तेज रफ्तार से चलती हैं और उनमें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाता है। इसके बावजूद परिवहन विभाग की ओर से प्रभावी निगरानी और नियमित कार्रवाई दिखाई नहीं देती। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बसों में भीड़ और ओवरलोडिंग की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में परिवहन विभाग को बसों की गति, यात्री क्षमता, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करनी चाहिए। फिलहाल इस हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन यात्री प्रतीक्षालय से टकराई बस ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और निजी यात्री वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।






