गौशालाओं में अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, दो केंद्रों के निरीक्षण में सामने आईं कमियां

कन्नौज। जनपद में गोवंश संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शुक्रवार को चौरा चांदपुर और पुरसा स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, गोवंशों की देखभाल, चारे, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों गौशालाओं में कुल 370 गोवंश संरक्षित मिले। वहीं, कुछ व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और संचालकों को सुधार के निर्देश दिए गए।

चौरा चांदपुर में निर्धारित क्षमता से अधिक गोवंश, दूसरी गौशाला भेजने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान चौरा चांदपुर गौशाला में कुल 170 गोवंश पाए गए। उपलब्ध स्थान और निर्धारित मानकों की तुलना में गोवंशों की संख्या अधिक होने पर जिलाधिकारी ने अतिरिक्त गोवंशों को दूसरी उपयुक्त गौशाला में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने और नियमित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को कहा।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और नियमित देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

पुरसा गौशाला में 200 गोवंश, गोवर्धन पूजा भी की

इसके बाद जिलाधिकारी पुरसा स्थित गौशाला पहुंचे। ऋषिराज स्वदेशी प्रोड्यूसर कंपनी संस्था द्वारा संचालित इस गौशाला में 200 गोवंश संरक्षित मिले। यहां जिलाधिकारी ने गोवर्धन पूजा भी की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश और नंदी के लिए अलग-अलग शेड तैयार कराने के निर्देश दिए, जिससे उनकी देखभाल और व्यवस्था बेहतर ढंग से की जा सके।गौशाला परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित लोगों को चेतावनी दी। साथ ही नियमित साफ-सफाई, गोबर के उचित निस्तारण और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।

35 बीघा जमीन पर होगी हरे चारे की खेती

पुरसा गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था द्वारा लीज पर ली गई 35 बीघा भूमि पर पूरी तरह हरे चारे की बुवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंशों के लिए पौष्टिक और पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि उन्हें नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराया जा सके।

बंद मिला बायोगैस प्लांट, जल्द चालू कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान पुरसा गौशाला में स्थापित बायोगैस प्लांट बंद पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। बायोगैस प्लांट के संचालन से गौशाला में निकलने वाले गोबर का उपयोगी प्रबंधन और ऊर्जा उत्पादन संभव हो सकेगा।

लापरवाही पर प्रशासन की सख्ती, व्यवस्थाएं सुधारने की हिदायत

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, चारे, पानी और साफ-सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गौशाला संचालकों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *