
सीएम के कार्यक्रम से पहले युद्धस्तर पर तैयारियां, तिर्वा कोठी के जर्जर मार्ग का शुरू हुआ पुनर्निर्माण, स्थानीय लोगों ने कहा दौरा कम से कम सड़क तो बनवा गया
संवाद 24 फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 3 सितंबर को प्रस्तावित फर्रुखाबाद दौरा, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल फतेहगढ़ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड के आसपास जहां मंच, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, से सटे तिर्वा कोठी, तिर्वा कॉलोनी और कुटरा के लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आया है।
इन इलाकों को जोड़ने वाला लंबे समय से जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुका मार्ग अब दोबारा बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के लिए यह किसी राहत से कम नहीं है। उनका कहना है कि जिस सड़क के लिए वे लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे, उसका काम अब मुख्यमंत्री के आगमन के कारण शुरू हो गया है।यही वजह है कि स्थानीय लोग अब कुछ हल्के-फुल्के अंदाज में कह रहे हैं “मुख्यमंत्री आ रहे हैं तो कम से कम सड़क तो बनी जा रही है।”

दो वर्ष पहले डाली गई थी सीवर लाइन, सड़क बनी परेशानी
स्थानीय नागरिकों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले इस मार्ग के बीचों-बीच सीवर लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। काम पूरा होने के बाद सड़क लंबे समय तक उसी हालत में पड़ी रही। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क धीरे-धीरे गड्ढों में तब्दील होती चली गई। लोगों का कहना है कि सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए। काफी प्रयासों के बाद जब सड़क का ठेका हुआ तो लोगों को उम्मीद जगी कि अब समस्या स्थायी रूप से दूर हो जाएगी। लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक, मरम्मत के नाम पर केवल उतने हिस्से में इंटरलॉकिंग ईंटें बिछाई गईं, जितने हिस्से को सीवर लाइन डालने के लिए खोदा गया था। सड़क के बाकी जर्जर हिस्से को उसी तरह छोड़ दिया गया। कुछ समय बाद इंटरलॉकिंग वाले हिस्से में भी गड्ढे होने लगे और आसपास की सड़क की स्थिति भी खराब होती चली गई।
अब मुख्यमंत्री के दौरे ने बदल दी तस्वीर
लंबे समय से बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में तय होने के बाद इस मार्ग की तस्वीर बदलने लगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से तिर्वा कोठी, तिर्वा कॉलोनी और कुटरा क्षेत्र जुड़े होने के कारण सड़क का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। काम शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी है लोगों का कहना है कि उन्होंने सड़क के निर्माण के लिए पहले भी कई बार मांग उठाई, लेकिन उनकी समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। अब मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सड़क का काम शुरू होने पर उन्हें राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों के बीच इस बात की चर्चा भी है कि यदि मुख्यमंत्री का दौरा न होता तो शायद सड़क के पुनर्निर्माण के लिए उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ता।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क बनने से तिर्वा कोठी, तिर्वा कॉलोनी और कुटरा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से गड्ढों और खराब रास्ते के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी। अब सड़क निर्माण शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि इस बार काम केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहेगा और मार्ग का स्थायी रूप से बेहतर निर्माण किया जाएगा।
पुलिस लाइन में युद्धस्तर पर तैयारियां
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल में बदलाव के बाद अब फतेहगढ़ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उच्च अधिकारी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के साथ कार्यक्रम में आने वाले लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की योजना बनाई जा रही है। पुलिस लाइन के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट और पार्किंग व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है। प्रवेश और निकास के लिए बैरिकेडिंग सहित अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
पहले डबरी में प्रस्तावित था कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 3 सितंबर का कार्यक्रम पहले डबरी गांव में प्रस्तावित था। वहां हेलीपैड और जनसभा स्थल सहित अन्य तैयारियां की जा रही थीं। लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया और अब कार्यक्रम फतेहगढ़ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल बदलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने पुलिस लाइन में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के साथ आसपास के इलाकों में भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने का काम दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों के लिए दौरा बना उम्मीद की वजह
तिर्वा कोठी के निवासियों के लिए मुख्यमंत्री का दौरा केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की उम्मीद भी बन गया है। जिस सड़क को लेकर लोग कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके थे, वह अब मुख्यमंत्री के आगमन से पहले निर्माणाधीन है। यही कारण है कि स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर संतोष है कि कम से कम मुख्यमंत्री के दौरे ने उनकी सड़क की ओर प्रशासन का ध्यान खींच दिया।
हालांकि स्थानीय लोगों की असली खुशी सड़क का काम पूरा होने और उसके टिकाऊ रूप से तैयार होने के बाद ही पूरी होगी। पहले भी मरम्मत के बाद सड़क खराब हो चुकी है, इसलिए इस बार लोग बेहतर गुणवत्ता और स्थायी निर्माण की उम्मीद कर रहे हैं।फिलहाल मुख्यमंत्री के आगमन से पुलिस लाइन में तैयारियां तेज हैं और उसके आसपास के इलाकों में विकास कार्यों की रफ्तार भी बढ़ी है। तिर्वा कोठी और आसपास के नागरिकों के लिए यह दौरा एक तरह से “मुख्यमंत्री आएं, तो सड़क भी बन जाए” वाली उम्मीद को सच करता नजर आ रहा है।






