दिल्ली के फाइव स्टार होटल जे डब्ल्यू मैरियट और ‘अंदाज दिल्ली’ में FSSAI का छापा, गंभीर खामियों पर नोटिस जारी

संवाद 24 नई दिल्ली।भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो प्रमुख पांच सितारा होटलों – जे डब्ल्यू मैरियट और ‘अंदाज दिल्ली’ को नोटिस जारी किया है। नियामक द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान दोनों होटलों की रसोई और खाद्य भंडारण क्षेत्रों में स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पाए गए। खाद्य नियामक ने दोनों होटल प्रबंधनों को खामियों को तत्काल दूर करने और सुधारात्मक कदमों की प्रमाण सहित अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

जे डब्ल्यू मैरियट में गंदगी और सड़े खाद्य पदार्थ
जे डब्ल्यू मैरियट में निरीक्षण के दौरान परिसर में कॉकरोच और मक्खियां पाई गईं। वहां रखी खाद्य सामग्रियों में सेब पर फफूंद लगी थी और टमाटर सड़े हुए मिले। इसके अलावा गंदे बर्तन, असुरक्षित तरीके से रखी कटी सब्जियां तथा शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के भंडारण में उचित अलगाव की कमी दर्ज की गई। होटल में बिना जरूरी अनुमति के खुदरा बिक्री और री-लेबलिंग का काम भी किया जा रहा था, जबकि कुछ पैकेटबंद उत्पादों पर गलत FSSAI लाइसेंस नंबर और अधूरा पता अंकित मिला।

‘अंदाज दिल्ली’ में एक्सपायर्ड मिठाइयां और फर्जी लेबलिंग
होटल ‘अंदाज दिल्ली’ में फ्रीजर के पास कॉकरोच व मक्खियां, ग्राइंडिंग रूम में मच्छर व मकड़ी के जाले और बोतलबंद पानी तैयार करने वाली जगह पर गुटखे का पैकेट पाया गया। अधिकारियों ने वहां से करीब 87 किलोग्राम ऐसी मिठाइयां पकड़ीं जिनकी इस्तेमाल की तारीख समाप्त हो चुकी थी, जबकि एक्सपायर हो चुकी ब्रेड पर पैकेजिंग की फर्जी तारीख दर्ज थी। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के तापमान नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आई।

खाद्य नमूनों की जांच और प्रबंधन का पक्ष
एफएसएसएआई ने दोनों होटलों से घी, मेयोनीज, शहद, दाल, सॉस, मुरब्बा, कुकीज और नारियल दूध पाउडर सहित कई खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई को लेकर जे डब्ल्यू मैरियट ने कहा कि वे मानकों का पालन करते हैं और अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं। वहीं ‘अंदाज दिल्ली’ के प्रवक्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पूरा सहयोग किया गया था और जरूरी सुधारों की विस्तृत रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जा चुकी है।

Madhvi Singh
Madhvi Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *