
कानपुर के बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में कन्नौज के एक युवक की मौत हो गई। ससुराल से घर लौट रहे 35 वर्षीय किसान शेष कुमार शुक्ला ट्रेन के दोबारा चलने के दौरान उसमें चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ससुराल से घर लौट रहे थे शेष कुमार
कन्नौज जनपद के कुतलूपुर गांव निवासी शेष कुमार शुक्ला खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार वह रविवार को अपनी ससुराल शिवराजपुर गए थे। सोमवार सुबह वह बर्राजपुर रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर कन्नौज के लिए निकले थे।
बिल्हौर स्टेशन पर उतरना बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि ट्रेन के बिल्हौर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर शेष कुमार किसी कारण से नीचे उतर गए। कुछ देर बाद जब ट्रेन चलने लगी तो उन्होंने दोबारा डिब्बे में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान स्टेशन के पश्चिमी छोर पर अलंकार पैलेस के सामने उनका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गए।
ऐसे ही रेलवे स्टेशनों पर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान यात्रियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पिता राजेश शुक्ला, मां रेखा, पत्नी शिवानी और करीब डेढ़ वर्ष की बेटी है। पिता के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी भी सामने आई है।
गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
शेष कुमार की असमय मौत से कुतलूपुर गांव में भी शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। रेलवे पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






