
विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को सिकंदरपुर उपखंड कार्यालय में विशेष विद्युत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बिजली बिल, खाता संशोधन, नाम परिवर्तन और अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया।
मौके पर सुनी गईं उपभोक्ताओं की समस्याएं
शिविर में पहुंचे उपभोक्ताओं और किसानों की शिकायतों को विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाना है।
1912 हेल्पलाइन के उपयोग की अपील
उपखंड अधिकारी संजय कुमार यादव ने उपभोक्ताओं से विद्युत संबंधी किसी भी समस्या के लिए विभाग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उपखंड कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण किसी भी कर्मचारी या उपभोक्ता को मौखिक रूप से शटडाउन नहीं दिया जाता। शटडाउन प्राप्त करने के लिए 1912 पर शिकायत दर्ज कराना अथवा विभाग को लिखित आवेदन देना अनिवार्य है।
दो दर्जन से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण
शिविर के दौरान बिजली बिल, नाम संशोधन, खाता सुधार और अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित दो दर्जन से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी संजय कुमार यादव, वरिष्ठ बाबू सुभाष चंद्र राजपूत, अंकित बाबू सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






