
कन्नौज जनपद के जलालाबाद कस्बे के समीप स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला धाम मंदिर का जल्द ही व्यापक सौंदर्यीकरण किया जाएगा। समाज कल्याण मंत्री एवं कन्नौज विधायक असीम अरुण के प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने मंदिर परिसर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्रद्धालुओं को मिलेगा स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त परिसर
स्वीकृत विकास योजना के अंतर्गत मंदिर प्रांगण, प्रवेश द्वारों और पैदल मार्गों का पारंपरिक एवं आधुनिक शैली में सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय (वेटिंग हॉल), शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दर्शनार्थियों को अधिक सुविधा मिल सके।
हाई-मास्ट लाइट, सोलर लाइट और सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा
परियोजना में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मंदिर परिसर में हाई-मास्ट लाइट, सोलर लाइटिंग सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाएगी। वहीं, नवरात्रि और धार्मिक मेलों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुव्यवस्थित पार्किंग तथा बेहतर यातायात प्रबंधन की भी व्यवस्था विकसित की जाएगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
मां शीतला धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्र है, जहां चैत्र एवं शारदीय नवरात्रि सहित विभिन्न धार्मिक अवसरों पर हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि कन्नौज में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री असीम अरुण बोले— श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने योजना की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मां शीतला धाम जनपद की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उनका उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटन विभाग की स्वीकृति के बाद मंदिर परिसर अधिक दिव्य, भव्य और आकर्षक स्वरूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।






