ट्रेन में ‘दोमुंहा सांप’ दिखाकर वसूली का खेल बेनकाब: कन्नौज स्टेशन पर दो सपेरे गिरफ्तार, संरक्षित रेड सैंड बोआ बरामद

कन्नौज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ट्रेन में दुर्लभ प्रजाति के संरक्षित रेड सैंड बोआ (जिसे आम बोलचाल में दोमुंहा सांप कहा जाता है) का प्रदर्शन कर यात्रियों से कथित रूप से रुपये वसूलने के आरोप में दो सपेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रेड सैंड बोआ भारत में संरक्षित प्रजातियों में शामिल है और इसके अवैध कब्जे, व्यापार तथा प्रदर्शन पर कानूनी प्रतिबंध लागू हैं।

डिजिटल शिकायत के बाद हुई जांच

रेलवे पुलिस के अनुसार शनिवार शाम छपरा–मथुरा एक्सप्रेस की जांच के दौरान कानपुर जिले के ककवन थाना क्षेत्र के ताहरपुर निवासी राजूनाथ तथा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के बरौली निवासी वर्षन्नानाथ को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई डिजिटल सिग्नल कंट्रोल रूम, इज्जतनगर (बरेली) में एक यात्री द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई। जांच में दोनों के कब्जे से रेड सैंड बोआ प्रजाति का सांप बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

करोड़ों की कीमत’ वाले दावों की नहीं हुई पुष्टि

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर रेड सैंड बोआ की कीमत करोड़ों रुपये होने जैसी कई अफवाहें और दावे प्रचलित हैं, लेकिन इनकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। इस मामले में कार्रवाई केवल संरक्षित वन्यजीव के अवैध कब्जे और संबंधित कानूनी प्रावधानों के आधार पर की गई है।

वन विभाग को सौंपा गया सांप

बरामदगी के बाद रेलवे पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि संरक्षित प्रजाति का यह सांप आरोपियों के पास कैसे पहुंचा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *