
तिर्वा, कन्नौज। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद गीता शाक्य का प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बुधवार को पहली बार तिर्वा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। लखनऊ से विधूना होते हुए तिर्वा पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनके काफिले का स्वागत किया। हाल ही में भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है, जिसके बाद प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
फूल-मालाओं और प्रतीक चिन्हों से किया अभिनंदन
तिर्वा कस्बे के बिजलीघर के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने गीता शाक्य के काफिले को रोककर फूल-मालाएं पहनाईं और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद नगर पंचायत प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता ने अपने कार्यालय के निकट उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और प्रदेश नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने का किया आह्वान
स्वागत के उपरांत गीता शाक्य ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सक्रिय रहकर पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ भाजपा नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा, रामू कटियार, सुनील कुशवाहा, मिथलेश, श्यामू राजपूत, आनंद सिंह सौरभ गुप्ता तिर्वा चेयरमैन प्रतिनिधि संजू ठाकुर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान संगठन के पक्ष में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
संगठन में नई जिम्मेदारी से बढ़ी कार्यकर्ताओं की उम्मीदें
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गीता शाक्य को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने से संगठन में उनके अनुभव का व्यापक उपयोग होगा। इससे पहले वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, औरैया भाजपा की जिलाध्यक्ष तथा वर्तमान में राज्यसभा सांसद के रूप में संगठन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं।






