
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे स्थित मारुति सुजुकी शोरूम और सर्विस सेंटर में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सर्विस सेंटर की दूसरी मंजिल पर खड़ी एक पुरानी ओमनी वैन में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और लपटें पूरे यार्ड में फैल गईं। आग लगने के समय दूसरी मंजिल पर कबाड़ के रूप में रखी 4 से 5 पुरानी गाड़ियां भी मौजूद थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई।
धुआं उठते ही कर्मचारियों में मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी मंजिल पर खड़ी ओमनी वैन से पहले धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगीं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल ऊपर पहुंचकर आग बुझाने वाले यंत्रों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दो दमकल गाड़ियों ने सीढ़ी लगाकर बुझाई आग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चूंकि आग दूसरी मंजिल पर लगी थी, इसलिए फायर कर्मियों को सीढ़ी लगाकर ऊपर पहुंचना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ओमनी वैन पूरी तरह जल गई और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
शोरूम में नहीं थे पर्याप्त अग्निशमन इंतजाम
घटना के बाद सामने आया कि सर्विस सेंटर और एजेंसी परिसर में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। बताया गया कि परिसर में मौजूद पानी की टंकी भी खाली मिली। यही वजह रही कि शुरुआती स्तर पर आग बुझाने में कर्मचारियों को कठिनाई हुई। इस लापरवाही को लेकर एजेंसी प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
मैनेजर बोले- नीचे सर्विस चल रही थी, ऊपर लगी आग
शोरूम के मैनेजर राजीव कुमार ने बताया कि घटना के समय वह भूतल पर मौजूद थे, जहां गाड़ियों की सर्विस का काम चल रहा था। ऊपर यार्ड में खड़ी गाड़ी से धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद आग का पता चला। उन्होंने कहा कि आग किन कारणों से लगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं हो सकी है।
फायर विभाग करेगा सुरक्षा इंतजामों की जांच
फायर सर्विस ऑफिसर प्रांशु अवस्थी ने बताया कि सूचना मिली थी कि शोरूम की ऊपरी छत पर खड़ी एक गाड़ी में आग लगी है। टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। उन्होंने यह भी कहा कि शोरूम में फायर इंस्ट्रूमेंट और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।






