गैस सिलेंडर भरवाने निकले थे पिता-पुत्र, रास्ते में मौत बनकर आया डंपर
Share your love

मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बरा केशव निवासी 17 वर्षीय गगन अपने पिता नरेंद्र कुमार के साथ गैस सिलेंडर भरवाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गगन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
खाटू श्याम मंदिर के सामने हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र कुमार और उनका बेटा गगन तेरा सकबाई की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में पिता अस्पताल रेफर
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नरेंद्र कुमार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने गगन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कक्षा 8 का छात्र था गगन, मां का रो-रोकर बुरा हाल
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे गगन के भाई मिथुन ने बताया कि गगन कक्षा 8 का छात्र था। परिवार में उसकी एक बहन हिमांशी भी है। बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मां संजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि नरेंद्र कुमार के पास खुद की बाइक नहीं थी। वे अपने भाई सुमित कुमार की बाइक लेकर गैस सिलेंडर भरवाने निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके बेटे की जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।






