कन्नौज में दौड़ती स्कूटी बनी आग का गोला, शिक्षक ने कूदकर बचाई जान

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब जनगणना ड्यूटी से लौट रहे एक सहायक अध्यापक की इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर पनवारा चौकी अंतर्गत जीटी रोड ओवरब्रिज के पास हुई, जहां चलते वाहन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

शिक्षक और भाभी ने कूदकर बचाई जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बछर्जापुर गांव निवासी सहायक अध्यापक रामतीर्थ अपनी भाभी सुनीता देवी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ओवरब्रिज के समीप पहुंचे, स्कूटी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों ने तुरंत स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही मिनटों में जलकर राख हुई स्कूटी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। जीटी रोड पर जलती स्कूटी को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

एक महीने पहले ही खरीदी थी नई स्कूटी

पीड़ित शिक्षक रामतीर्थ ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रिक स्कूटी महज एक महीने पहले ही खरीदी थी। घटना के समय वे केवल 10 किलोमीटर ही चल पाए थे कि अचानक यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते वे स्कूटी से न कूदते, तो गंभीर हादसा हो सकता था।

इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और बैटरी क्वालिटी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, बैटरी ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट या खराब मेंटेनेंस जैसी वजहें इस तरह की घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News