डेटा केबल बांधते समय बिजली खंभे में लगी आग, 15 मिनट तक सड़क पर गिरते रहे जलते तार
Share your love

शहर कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय स्थित पानी टंकी के पास लिंजीगंज बाजार मोड़ पर रविवार दोपहर बिजली के खंभे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोग खंभे पर डाटा केबल बांध रहे थे, तभी अचानक स्पार्किंग हुई और खंभे पर फैले बिजली के तारों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सड़क के बीच लगा खंभा बना खतरे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस खंभे में आग लगी, वह लंबे समय से सड़क और गली के बीच लगा हुआ है। पहले यहां अतिक्रमण होने के कारण खंभा बीच में लगाया गया था, लेकिन अतिक्रमण हटने के बाद भी इसे नहीं हटाया गया। इसी खंभे से सड़क पार कर तलैया फजल इमाम की ओर जाने वाली गली तक बिजली लाइन जाती है। खंभे के आसपास कई तार और डाटा केबल बंधे होने से पहले से ही हादसे की आशंका बनी हुई थी।
सूचना के बावजूद देर से पहुंचे बिजली कर्मचारी
घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग को कई बार फोन कर सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब 15 मिनट तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान जलते हुए तार टूट-टूटकर सड़क पर गिरते रहे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। बाद में बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
लाइन चालू करने पहुंचे कर्मचारियों का लोगों ने किया विरोध
आग बुझने के बाद जब बिजली विभाग के कर्मचारी दोबारा लाइन चालू करने पहुंचे, तो मोहल्ले के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि गली के बीच लगा यह खंभा अब पूरी तरह अनावश्यक हो चुका है और भविष्य में फिर बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने मांग की कि या तो पास के दूसरे खंभे से बिजली आपूर्ति जोड़ी जाए या गली के किनारे नया खंभा लगाकर व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए।
लापरवाही पर उठे सवाल, बड़ी दुर्घटना टली
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर आग लगी, वहां बाजार और आवासीय क्षेत्र होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और पुराने खंभों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।






